लखीमपुर खीरी। मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिससे बचाव के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने के लिए सभी तहसीलों को 50-50 हजार रुपये का बजट जारी किया गया है, जबकि गरीब/निराश्रितों को कंबल बांटने के लिए कंबल खरीदने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। कंबल खरीदने के लिए शासन ने 35 लाख रुपये का बजट जारी किया है।
वैश्विक महामारी कोविड-19 से उत्पन्न स्थिति के चलते इस बार ठंड एवं शीतलहर लोगों को ज्यादा प्रभावित कर सकती है। एडीएम अरुण कुमार सिंह ने सभी एसडीएम, तहसीलदारों, डीपीआरओ, सभी बीडीओ एवं नगर निकायों के ईओ को निर्देश दिए हैं कि निराश्रित/असहाय एवं कमजोर वर्ग के व्यक्तियों को राहत पहुंचाने के लिए रैन बसेरे, शेल्टर होम की व्यवस्था तुरंत सुनिश्चित की जाए और आश्रयहीन व्यक्तियों के लिए रैन बसेरों/शेल्टर होम की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे कोई भी व्यक्ति रात में सड़क अथवा फुटपाथ पर सोने के लिए मजबूर न रहें।
इन रैन बसेरों/शेल्टर होम में रुकने वाले कमजोर वर्ग के लोगों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक उपाय जैसे गद्दे, कंबल, स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं किचन का प्रबंध निशुल्क किए जाने के भी आदेश दिए गए हैं। यही नहीं रैन बसेरे में समस्त सुविधाएं अच्छी एवं गुणवत्तापूर्ण हो, जिस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
प्रशासन ने शीतलहर से बचाव के लिए रैन बसेरों के आसपास एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर समय से प्रतिदिन अलाव जलवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कहा है। यही नहीं प्रत्येक रैन बसेरा की लोकेशन की जियो टैगिंग एवं फोटोग्राफ्स को आपदा प्रहरी एप के माध्यम से अपलोड किया जाएगा। संवाद