लखीमपुर खीरी। दो दिनों से कहीं हल्की बूंदाबंदी तो कहीं तेज बारिश से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। रविवार को भी सुबह से बादल छाए रहे। बादलों के बीच सूर्य की लुकाछिपी से मौसम खुशनुमा रहा। पिछले दो दिन में ही अधिकतम तापमान का ग्राम 14 डिग्री से नीचे गिरा है। रविवार को न्यूनतम पारा 23.9 डिग्री और अधिकतम 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की।
मई महीने में गर्मी चरम पर रही। अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार तक चला गया था। गर्म हवाओं और तेज धूप से जनजीवन बेहाल था। दो दिन से मौसम के बदले मिजाज से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। शनिवार को सुबह से छाए बादलों और हवाओं के चलीं। कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश से लोगों के चेहरे खिल उठे। रविवार को भी मौसम खुशनुमा रहा। सुबह से बादल छा गए। दोपहर में धूप निकली, लेकिन बादलों के कारण सूर्य की लुकाछिपी का खेल जारी रहा। सुबह कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। इस बारिश से सर्वाधिक गन्ने की फसल को लाभ पहुंचा है।
झमाझम बारिश से उबराए नाले, भरा पानी
ओयल रविवार को क्षेत्र में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश हुई। हवाओं के झोंके से जमकर हुई बारिश से नगर की नालियां उफान गईं, जिससे गंदा पानी नालियों से निकलकर सड़कों पर बहने लगा। लोगों को गर्मी से भी राहत मिली। किसानों ने धान की रोपाई का कार्य भी तेज कर दिया है।