लखीमपुर खीरी। किसान कांग्रेस के सह मंडल प्रभारी लखनऊ देवेंद्र कुमार पंकज के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कालाआम स्थित बड़ी नहर में जल सत्याग्रह कर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को जेल से रिहा करने की मांग की। जल सत्याग्रह की सूचना से पुलिस व प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कांग्रेसियों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेसी तीन घंटे तक नहर में खड़े रहे।
सह मंडल प्रभारी देवेंद्र कुमार पंकज कई कार्यकर्ताओं के साथ दोपहर 12 बजे बेहजम मार्ग पर स्थित बड़ी नहर पर पहुंचे। सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए सभी बड़ी नहर के बीच में पहुंच गए। यह देख नहर पर भारी भीड़ लग गई। कार्यकर्ता लॉकडाउन के दौरान गिरफ्तार किए गए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की रिहाई की मांग कर रहे थे। कांग्रेसियों के जल सत्याग्रह की जब जानकारी पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को हुई तो उनमें हड़कंप मच गया। स्थानीय अभिसूचना ईकाई (एलआईयू) सहित थाना फरधान सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस सभी से बाहर निकलने का आग्रह करती रही, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता अपने तय कार्यक्रम के तहत दोपहर तीन बजे ही नहर से बाहर निकले। सह मंडल प्रभारी देवेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि यह जल सत्याग्रह आंशिक था। रविवार को तीन घंटे जल के अंदर रह कर प्रदेश की भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों का विरोध किया है। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की अविलंब रिहाई की मांग की है। यदि सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो यह जल सत्याग्रह क्रमिक अनशन में तब्दील किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता बिना कुछ खाए पीए तब तक जल के अंदर रहेगा। जब तक प्रदेश अध्यक्ष की रिहाई नहीं हो जाती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपा की दमनकारी नीतियों से डरने वाले नहीं हैं कांग्रेस का हर कार्यकर्ता योगी सरकार की दमनकारी नीतियों का डटकर मुकाबला करने के लिए तैयार खड़ा है। जल सत्याग्रह में ललित मिश्रा, केके दीक्षित, कामिल उस्मानी, तरुण शालू, प्रदीप यादव, हर्ष अवस्थी आदि शामिल रहे।