लगातार दूसरे दिन धूप निकलने से गायब हुई गलन, न्यूनतम पारा पहुंचा 10 डिग्री पार
लखीमपुर खीरी। नए साल के आगमन से मौसम के उतार-चढ़ाव का दौर शुरू हो गया है। गुरुवार को सुबह आसमान में बादलों की आवाजाही रहने से सूरज की किरणें धरती को छूने के लिए संघर्ष करतीं रहीं। करीब 8.30 बजे बादलों की धुंध छटी, तो धूप खिलकर निकली। इसके बाद वातावरण में मौजूद ठंड और गलन तो जैसे गायब हो गई। गलन से लोगों को राहत मिल गई, लेकिन दिन भर बादलों और सूरज के बीच लुका-छिपी चलती रही। दोपहर को हल्की बूंदाबांदी भी हुई। दो दिन बाद मौसम फिर से करवट बदलेगा और ठंड बढ़ने के साथ ही बारिश होने की संभावना है।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, लेकिन शाम तक गिरकर 16 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो बुधवार से करीब दो डिग्री अधिक है। यही वजह रही कि गुरुवार को लोगों को ठंड और गलन की मार से राहत मिल गई। लोग आराम से घरों से घूमने के लिए बाहर निकले। मौसम विशेषज्ञ जेपी गुप्ता ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार और शनिवार को भी बादल छाए रहेंगे और बारिश होने की भी संभावना है। इसके बाद रविवार से तापमान में कमी आने से ठंड और गलन का प्रकोप फिर से लौटेगा। हालांकि दिसंबर के आखिरी सप्ताह में पड़ी ठंड की तरह मौसम की वापसी के कम ही आसार हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अभी कोहरा गिरना बंद हो गया है, लेकिन तीन-चार दिन में इसके भी गिरने के आसार हैं।