लखीमपुर खीरी। तराई में सर्दी के कड़े तेवर लगातार बरकरार हैं। शनिवार की सुबह से घना कोहरा गिरने से पूरा जिला भीषण ठंड और गलन की चपेट में रहा। शीत लहर ने लोगों को घर से बाहर निकलना मुहाल कर दिया। दिन भर घने कोहरे की चादर ने धूप को आसमान में चमकने तक का मौका नहीं दिया। आगे भी दो-तीन दिनों तक ऐसा ही सर्द मौसम बने रहने की संभावना जताई जा रही है।
शनिवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, लेकिन शाम होते ही दो डिग्री लुढ़ककर 13 डिग्री पर जा टिका। वहीं न्यूनतम तापमान अब तक के सबसे निचली पायदान तीन डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यही वजह है कि आम दिनों की अपेक्षा शनिवार को लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास हुआ और लोग अलाव के सहारे ठंड से निजात पाने की जुगत में लगे रहे। जो लोग घरों से बाहर निकले, तो वह भी हर समय कंपकपाते रहे। मौसम विशेषज्ञ डॉ जेपी गुप्ता ने बताया है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते शनिवार को सबसे ठंडा दिन रहा है। एक-दो दिन तक ऐसे ही कड़ाके की ठंड से सामना करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर 2019 से दो जनवरी 2020 तक बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। ऐसा पश्चिमी विक्षोभ से बनने वाले कम दबाव क्षेत्र के चलते बारिश के संयोग बन रहे हैं।