पलिया तहसील में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते किसान। संवाद
पलियाकलां। गन्ना किसानों का पिछले सत्र का बकाया 150 करोड़ रुपये चीनी मिल अब तक नहीं दे सकी है। जबकि, नया सत्र भी शुरू हो गया है। बुधवार को किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर हर रविवार आठ घंटे मिल को गन्ना आपूर्ति बाधित करने की चेतावनी दी है। साथ ही बकाया भुगतान भी मांगा है।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले बड़ी तादाद में किसान बुधवार को तहसील पहुंचे और एसडीएम कार्तिकेय सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा कि चीनी मिल द्वारा पिछले सत्र का करीब 150 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया है और नवीन पेराई सत्र भी शुरू कर दिया गया है।
21 नवंबर को गन्ना समिति में आयोजित किसानों और संचालकों की बैठक में तय किया गया था कि यदि 30 नवंबर तक किसानों का संपूर्ण भुगतान नहीं होता है तो एक दिसंबर से हर रविवार को आठ घंटे के लिए गन्ना आपूर्ति बाधित की जाएगी।
जब तक मिल संपूर्ण भुगतान नहीं कर देती, तब तक हर रविवार को विरोध स्वरूप आठ घंटे मिल बाधित करने का कार्य जारी रहेगा। जिसकी जिम्मेदारी भी मिल प्रशासन की होगी।
इस मौके पर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के तहसील अध्यक्ष तरसेम सिंह, जिला उपाध्यक्ष तेजेंद्र सिंह गिल तेजी, राजा संधू समेत समिति के कई संचालक भी मौजूद रहे।