लखीमपुर खीरी। लोकतंत्र के महापर्व का उत्सव 23 फरवरी को है। इसमें अधिक से अधिक लोग शामिल हों इसके लिए जिला प्रशासन एड़ी चोटी का जोर लगाए है। मतदान प्रतिशत 90 के पार ले जाने के लिए डीएम स्वयं घर घर जाकर इसके लिए निमंत्रण पत्र बांट रहे हैं। शहरवासियों को वोट डालने के प्रति जागरूक करने के लिए डीएम ने सोमवार को जागरूकता रैली निकलवाई।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह एवं सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने सोमवार को गुरु नानक इंटर कॉलेज से मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीएम ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए छात्रों को प्रेरित किया। डीएम सहित अन्य अधिकारी भी जागरूकता रैली में शामिल हुए। रैली विभिन्न सड़कों से होकर नसिरुद्दीन मौजी मैदान पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें डॉ. ओम प्रकाश गुप्त, एसडीएम रेनू एवं इला प्रकाश सहित छह विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।
आकर्षण का बैंड रहा स्कूल का बैंड
रैली में शामिल पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज का बैंड नगरवासियों में आकर्षण का केंद्र रहा। छात्र एवं छात्राओं ने घोष वादन कर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
इन रास्तों से निकली जागरूकता रैली
रैली में गुरु नानक इंटर कॉलेज, गुरु नानक विधिक सभा इंटर कॉलेज, धर्मसभा इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, पीके इंटर कॉलेज, डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटर कॉलेज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं सहित डायट के प्रशिक्षु शामिल थे। रैली एलआरपी चौराहा, रामनगर, मोती नगर, राजगढ़, ओवर ब्रिज होते हुए विलोबी हाल में समाप्त हुई।