पलियाकलां। पलिया नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए आज मतदान होगा। सोमवार को पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। पुलिस की ड्यूटी करने वाले कई थानों के इंचार्जों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नगर पालिका के उप चुनाव का मतदान 17 दिसंबर को है। ऐसे में मतदान को लेकर सोमवार को प्रशासन मुस्तैद दिखाई दिया। 12 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 42 बूथों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इसको लेकर सोमवार को मंडी समिति स्थल से पोलिंग पार्टियों की रवानगी की गई। मतदान सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा और ऐसे में दोपहर बाद तक मतदानकर्मी अपनी-अपनी सामग्री लेते हुए मंडी समिति परिसर में दिखाई दिए।
सोमवार सुबह नौ बजे से ही मंडी परिसर में मतदानकर्मियों का आना शुरू हो गया था। इसके बाद बूथों की चुनाव ड्यूटी को लगाने का कार्य किया गया। एसडीएम कार्तिकेय सिंह, तहसीलदार आरती यादव समेत चुनाव अधिकारी चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जुटे देखे गए।
दोपहर में एएसपी नैपाल सिंह, एसडीएम कार्तिकेय सिंह, पलिया सीओ राघवेंद्र यादव, निघासन सीओ महक शर्मा ने ड्यूटी व मतदान कराने वाले पुलिसकर्मियों से वार्ता की और शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कराने की बात कही।