पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान शांतिपूर्ण रहा। तीनों ब्लाकों में कुल 66 फीसदी वोटरों ने मतदान किया। इसी के साथ पलिया, निघासन और रमियाबेहड़ ब्लाकों में जिला पंचायत की 16 सीटों पर 256 उम्मीदवारों और क्षेत्र पंचायत की 398 सीटों पर 2046 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद हो गया। इस चरण में पिछले तीन चरणों की अपेक्षा सबसे कम मतदान हुआ। तीनों ब्लाकों में सुबह ठीक सात बजे मतदान शुरू हुआ। मतदान के प्रति लोगों में इतना उत्साह था कि गुलाबी ठंड के बावजूद लोग मतदान शुरू होने से एक घंटा पहले ही कतार में लग गए थे।
गुलाबी सर्दी होने के कारण सुबह सात बजे से नौ बजे तक मतदान की गति धीमी रही। नौ बजे तक मात्र 11 फीसदी मतदान हो सका। नौ बजे के बाद मतदान ने रफ्तार पकड़ ली। सुबह 11 बजे तक 25 फीसदी, दोपहर एक बजे तक 42.5 फीसदी और तीन बजे तक 55 फीसदी वोट पड़ चुके थे। जबकि मतदान समाप्ति तक कुल 66 फीसदी मतदान हुआ।
रमियाबेहड़ में सबसे ज्यादा पलिया में सबसे कम मतदान
गौरतलब यह है कि सबसे जागरूक और विकसित माने जाने वाले ब्लाक पलिया में सबसे कम 62 फीसदी और सबसे पिछड़े ब्लाक रमियाबेहड़ में सबसे ज्यादा 69 फीसदी मतदान हुआ। जबकि निघासन ब्लाक में 68 फीसदी वोटरों ने मताधिकार का प्रयोग किया है।
चरण दर चरण घटा मतदान प्रतिशत
यह भी गौर करने वाली बात है कि जिले में चरण दर चरण मतदाताओं में उत्साह घटता हुआ दिखाई दिया है। पहले चरण में यहां 73 फीसदी, दूसरे चरण में 71 फीसदी और तीसरे चरण में 70 फीसदी मतदान हुआ जबकि चौथे और अंतिम चरण में मात्र 66 फीसदी मतदान हो सका।
मतदान के दौरान रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
मतदान के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। इससे कही किसी बड़ी घटना की सूचना नहीं मिली। निघासन ब्लाक के मिर्जागंज पोलिंग बूथ पर अपने पक्ष में वोट डलवाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दो लोग घायल हो गए। इसके अलावा अन्य कही से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। उधर डीएम किंजल सिंह, एसपी अखिलेश चौरसिया और निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक राम नरायन सिंह ने तीनों ब्लाकों का भ्रमण कर मतदान का जायजा लिया।
समय बढ़ने के साथ बदलती रही मतदान की रफ्तार (मतदान प्रतिशत)
ब्लाक............सुबह नौ बजे........11 बजे.........01बजे.........03 बजे.........समाप्ति तक
पलिया..............10.5................24.00............41.0..........53.00.............62.0
निघासन...........11.5................27.00............43.0..........54.00..............68.0
रमियाबेहड़........11.0................24.00............43.5..........58.00..............69.0
औसत..............11.0.................25.00............42.5..........55.00.............66.0