जिला पंचायत सदस्य और बीडीसी के लिए अंतिम चरण के मतदान में युवाओं ने उत्साहपूर्वक से भाग लिया। पहली बार वोट डालने के मिले मौके को युवाओं ने बखूबी निभाया। इसमें पहली बार वोट डालने वाली युवतियों और युवाओं का जोश देखते ही बना। लोकतंत्र के इस उत्सव में हिस्सा लेने वाली अतरिया, बड़ागांव की मनुरी, हुमा, अटल मौर्य, विकास मौर्य, साईयूब के साथ ही पतवारा की फूलकेशरी, मोहनी, सुधा, सोहिनी और गदनियां की जसनीत कौर, अमनदीप कौर ने मत देने के बाद खुशी जताई।
मझगईं। इलाके में भी पहली बार वोट डालने वाली पूनम राठौर, जसमीत कौर, राजवीर कौर, मनिंदर कौर आदि ने अपनी खुशी का इजहार कर उंगली पर लगी स्याही दिखाई।
विकलांग और बुजुर्ग भी सक्रिय
पंचायत के इस उत्सव में विकलांगों और बुजुर्गों में भी कम जोश नहीं रहा। बुजुर्गों ने अपने घरवालों के साथ जाकर मतदान किया तो विकलांग ट्राईसाइकिल से मतदान केंद्र पहुंचे। सरखना पूरब के 90 वर्षीय कल्लू भिखारी ने अपने पुत्र के साथ आकर मत डाला। वहीं 85 वर्षीय फूलमती ने बडा़गांव मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाला। फूलमती ने बताया कि वह लगभग एक किलोमीटर से चलकर अपने लड़के के साथ हर चुनाव में वोट डालने आती हैं। इधर फरसहिया टांडा के विकलांग इश्तियाक पुत्र शरीफ अहमद लगभग एक किलोमीटर दूर बने अपने मतदान केंद्र में ट्राईसाइकिल से वोट डालने गए।
नवविवाहिताओं में गजब का उत्साह
पहली बार ससुराल में आकर वोट डालने वाली नवविवाहिताओं में भी गजब का उत्साह दिखा। बसंतापुर कलां के सुमित कुमार की पत्नी पूजा सिंह तथा त्रिकोलिया के रूपेश शर्मा की पत्नी किरन शर्मा और मनोज की पत्नी रूबी शर्मा ने शादी के बाद पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
ये रहे मतदान से वंचित
सरखना पूरब निवासी ममता देवी मतदान केंद्र पर सुबह बच्चे को गोद में लेकर वोट डालने आईं थीं। ममता के आईडी कार्ड दिखाने के बाद भी मतदान कर्मियों ने मतदाता सूची में नाम न होने का हवाला देकर वोट डालने से मना कर दिया। इससे वह निराश होकर वापस लौट गईं।
मझगईं। ग्राम पंचायत लोकपुर में वोटर लिस्ट में नाम होने से ग्रामीण विपिन कुमार, सत्यवान, सुधीर, आलोक, अंकित, प्रहलाद, किशोरी, अजय कुमार, कमलेश आदि तमाम लोग मतदान से वंचित रह गए।
थारू महिलाओं ने खूब डाले वोट
आदिवासी जनजाति थारू क्षेत्र में भी जिला पंचायत और बीडीसी के लिए हुए चुनाव में पुरुषों की अपेक्षा महिलाएं उत्साहित दिखीं। थारू महिलाओं ने खूब वोट डाले। प्रत्येक मतदान केंद्र पर महिलाओं की संख्या अधिक दिखी।
बैरीकेडिंग पर सुखाए कपड़े
सेमरीपुरवा मतदान केंद्र पर मतदान के लिए की गई बैरीकेडिंग पर मतदान कर्मियों के कपड़े सुखाने का स्थान बन गई। दिन भर इस पर मतदान कर्मियों ने कपड़े सुखाए।
जबरन वोट डाला, हंगामा
सेमरीपुरवा मतदान केंद्र के एक बूथ पर वोट डालने आई मैना देवी और राममूर्ति को वोट डालने में दिक्कत आ रही थी तभी एक बीडीसी उम्मीदवार ने उनसे बैलेट पेपर लेकर उसमें अपने पक्ष में मुहर लगा दी। इससे गांव के तमाम लोग भड़क गए। उन्होंने इसे बूथ कैप्चरिंग बताते हुए प्रदर्शन भी किया। पुलिस ने कई बार उन्हें मतदान केंद्र से खदेड़ा लेकिन वह फिर वहां आ जा रहे थे।
प्रेक्षक ने लिया जायजा
प्रेक्षक रामनरायन सिंह मंडी स्थल पहुंचे और वहां रखे जा रहे बैलेट बाक्स देखने के साथ ही स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान एसडीएम पीके सिंह, आरओ धीरेंद्र प्रताप सिंह मौके पर मौजूद रहे।
डीएम-एसपी का मुआयना
डीएम किंजल सिंह और एसपी अखिलेेश चौरसिया ने आदिवासी थारू जनजाति क्षेत्र में मतदान स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने यहां कई दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए।
बारिश-ओलों से मजा किरकिरा किया
इलाके में दोपहर तीन बजे अचानक शुरू हुई बारिश और ओलावृष्टि ने मतदान की गति काफी धीमी कर दी। इसके बाद रुक-रुक कर बारिश हुई जिससे मतदान के लिए लोग घरों से नहीं निकले और चुनाव में ड्यूटी में लगे कर्मियों को परेशानी उठानी पड़ी।
598 उम्मीदवारों का भाग्य बक्से में
ब्लाक से बीडीसी के 114 पदों के लिए 508 उम्मीदवारों और जिला पंचायत की पांच सीटों के लिए 90 उम्मीदवारों का भाग्य अब बक्शे में कैद हो चुका है। उनके भाग्य के इस पिटारे को मतदान कर्मियों ने सील कर मंडी समिति स्थित स्ट्रांग रूम में रखा दिया है।