निघासन। बहतिया नाले पर प्रस्तावित बांध की ऊंचाई बढ़ाने के निर्णय का क्षेत्र के ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि बांध ऊंचा होने से आधा दर्जन से अधिक गांवों पर जलभराव और डूब का खतरा मंडराने लगेगा।
इस संबंध में ग्रामीणों ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। जीतपुरवा मजरा बैलहा निवासी उत्तम कुमार ने ग्रामीणों की ओर से दर्ज कराई शिकायत में कहा है कि बांध की ऊंचाई बढ़ाए जाने पर जीतपुरवा, ठाकुरपुरवा, पुरैना, लुधौरी और मंडप फार्म समेत कई गांव प्रभावित हो सकते हैं। उनका आरोप है कि बरसात के दौरान शारदा नदी का जलस्तर बढ़ते ही बहतिया नाले में पानी का दबाव बढ़ जाता है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि बांध की ऊंचाई बढ़ा दी गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले राजस्व और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम से स्थलीय निरीक्षण कराया जाए।