बदमाशों के संदेह में गन्ने के खेत को घेरे ग्रामीण। संवाद
ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव मूड़ा जवाहर के पूरब टंकी के पास तीन नकाबपोश बदमाश मौजूदगी का संदेह होने पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडे लेकर गन्ने के खेत को घेर लिया, लेकिन नतीजा शून्य निकला।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम मूड़ा जवाहर निवासी हीरालाल खेत में बकरियां चरा रहे थे, तभी उन्हें हाथ में गड़ासा लिए तीन नकाबपोश बदमाश खड़े दिखाई दिए। इसी बीच नीरज कुमार ने हल्ला मचा दिया। इस पर बदमाश गन्ने में घुस गए। शोर गुल सुनते ही तमाम ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए और गन्ने के खेत को घेर लिया।
गन्ने में काफी देर तलाश करने पर वहां कुछ भी नहीं मिला। सूचना पाकर अजान पुलिस चौकी प्रभारी अशोक सिंह भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए, लेकिन उन्हें भी वहां कोई नहीं मिला। काफी देर प्रयास करने के बाद सभी ग्रामीण वापस चले गए। पुलिस ने इसे महज अफवाह बताया है। संवाद