ग्रंट नंबर 12 में घर में घुस तेंदुए को भागते ग्रामीण। संवाद
निघासन। बाढ़ की त्रासदी से जूझ रहे ग्रंट नंबर 12 गांव में शनिवार को एक और मुसीबत आ खड़ी हुई। सुबह करीब छह बजे गांव में अचानक तेंदुए के घुस आने से हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, तेंदुआ सबसे पहले पच्चा के घर में घुसा। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे मुकेश शुक्ला ने तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि की। खबर फैलते ही लोग लाठी-डंडे लेकर घरों से बाहर निकलकर इकट्ठा हो गए। इस दौरान तेंदुआ एक घर से दूसरे घर होते हुए महाजन गौतम, सुरेश, रामसेवक और दीपक वर्मा के घरों से गुजरने के बाद वह खेतों की ओर निकल गया।
तेंदुए की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गांव में गश्त करती रही। हालांकि, जंगली जानवर के वापस लौटने की आशंका से ग्रामीण अब भी सहमे हुए हैं। रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीम गांव में ही कैंप किए हुए हैं।