फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आबादी में अंत्येष्टि स्थल के खिलाफ उतरे मोहल्लेवाले

Sun, 30 Apr 2017 10:48 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)
विज्ञापन
प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विरोध के चलते नहीं हो पाया भूमि पूजन, एडीएम बोले-जांच के बाद कराया जाएगा निर्माण 
विज्ञापन

मोहल्ला सुभाषनगर में अंत्येष्टि स्थल बनाए जाने के खिलाफ मोहल्ले की सैकड़ों महिलाएं और पुरुष मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। जिसके चलते प्रस्तावित भूमि पूजन नहीं हो सका। बाद में पूजन कार्यक्रम नगर पालिका परिसर में किया गया। विवाद के चलते प्रशासन ने काफी पुलिस बल तैनात कर दिया है। मौके पर पहुंचे एडीएम उमेश चंद्र पांडे और एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने जांच के बाद ही निर्माण कराने की बात कही। 
मालूम हो कि शनिवार को मोहल्ला सुभाषनगर के ठाकुर मान सिंह, दिनेश, मनीषा, अनीता, सुग्रीव, रामेश्वर, किशोरी, धर्मेंद्र, शकुंतला आदि ने तहसील पहुंचकर आबादी में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराए जाने के खिलाफ प्रदर्शन किया था और एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी को ज्ञापन दिया था। जिसमें कहा गया था कि आबादी के बीच अंतिम संस्कार होने से बच्चे डरेंगे। उन्होंने इस स्थान पर मंदिर, पार्क आदि बनाने की बात कहते हुए अंत्येष्टि स्थल को आबादी से एक-दो किलोमीटर दूर सुनसान जगह पर बनाने की मांग की थी। 
विज्ञापन

नगर पालिका चेयरमैन केबी गुप्ता ने रविवार को चयनित स्थान पर भूमि पूजन की बात कही थी। विवाद को देखते हुए प्रशासन ने यहां कई थानों का पुलिस बल तैनात कर दिया था। रविवार को मोहल्ले के सैकड़ों लोग वहां एकत्र हो गए और अंत्येष्टि स्थल के लिए भूमि पूजन का विरोध करने लगे। विवाद को देखते हुए भूमि पूजन नगर पालिका परिसर में हुआ। एडीएम और एएसपी ने नगर पालिका में चेयरमैन से बंद कमरे में वार्ता की। इस मौके पर एडीएम ने कहा कि हर पहलू को जांचा जाएगा और इसके बाद ही कोई निर्माण कराया जाएगा। फिलहाल प्रस्तावित अंत्येष्टि स्थल पर काफी पुलिस बल तैनात है।       
 
आबादी के साथ घपले से भी जोड़ा जा रहा है मामला      
अंत्येष्टि स्थल निर्माण विवाद को घपलेबाजी से भी जोड़ा जा रहा है। इस मामले में अजय कुमार बनाम नगर विकास अनुभाग उत्तर प्रदेश शासन वाद इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ बेंच में दायर है। जिसमें अजय कुमार ने अंत्येष्टि स्थल निर्माण से लेकर अन्य कार्यों के हुए टेंडरों को गुपचुप ढंग से कराने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इनको निरस्त करने की मांग की है। उन्होंने डीएम से मामला लंबित होने तक किसी निर्णय के आ जाने से पहले किसी प्रक्रिया को विधि संगत न मानते हुए सभी कार्यों पर रोक लगाने की मांग की। कई अन्य लोगों ने भी डीएम से अंत्येष्टि स्थल के एस्टीमेट को लागत से काफी ज्यादा बताते हुए जांच की मांग की है।        
 
बोले विधायक      
भाजपा विधायक रोमी साहनी ने इस बारे में कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। अंत्येष्टि स्थल हिंदू समाज का आखिरी घर होता है अगर उसमें भी कमीशनबाजी चलेगी तो यह दु:खद है। उन्होंने कहा कि मामला आबादी के साथ भारी कमीशनबाजी से भी जुड़ा हुआ है और इसी के चलते सभी एस्टीमेट, टेंडर आदि समेत स्थलीय जांचों के बाद ही कोई निर्माण शुरू कराया जाएगा। योगी सरकार में कमीशनबाजी और गरीबों को परेशानी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 
विज्ञापन

 
मुकदमे की मांग      
चेयरमैन केबी गुप्ता, भाजयुमो नेता उदयवीर सिंह, भाजपा नगरमंत्री विजय गुप्ता आदि ने एसडीएम को एक पत्र देकर कुछ लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।       
    
विरोध प्रदर्शन करने वालों ने लगाया टेंट, पुलिस ने हटवाया      
अंत्येष्टि स्थल निर्माण का विरोध कर रहे टेंट लगाकर बैठ गए। पुलिस ने उन्हें मना किया। न मानने पर उन्हे जबरन हटा दिया गया। इस दौरान अफरा तफरी रही।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें