फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: हिंसक वन्यजीव के हमले में ग्रामीण गंभीर घायल

Mon, 27 Jul 2026 11:03 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
अजगर को रेस्क्यू करती वन विभाग की टीम। स्रोत वीडियो
विज्ञापन
बिजुआ। ग्राम नौसर जोगी में रविवार देर रात संदिग्ध हिंसक वन्यजीव के हमले में ग्रामीण जमुना प्रसाद (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल के बयान के आधार पर तेंदुए के हमले की आशंका जताई जा रही है।
विज्ञापन

जमुना प्रसाद रविवार रात करीब एक बजे लघुशंका के लिए घर के पास गन्ने के खेत की मेड़ पर गए थे। तभी हिंसक वन्यजीव ने उन पर हमला कर दिया। वह शोर मचाते हुए घर की ओर भागे। आवाज सुनकर परिजन बाहर निकले और शोर मचाया तो वन्यजीव गन्ने के खेत की ओर भाग गया।
सोमवार सुबह परिजनों ने घायल जमुना प्रसाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुआ में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। भीरा वन क्षेत्राधिकारी रमाकांत सक्सेना ने बताया कि बरसात में जंगलों से निकलकर हिंसक वन्यजीव गन्ने के खेतों के रास्ते गांवों तक पहुंच जाते हैं। वन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई है। गन्ने का खेत घना होने से पैरों के निशान नहीं मिल सके, इसलिए हमलावर वन्यजीव की स्पष्ट पहचान नहीं हुई है। हालांकि, घायल के बयान के आधार पर तेंदुए के हमले की आशंका है।
विज्ञापन

मिठ्ठू टांडा गांव में सोमवार को तेंदुए ने गन्ने के खेत से निकलकर एक बछड़े को शिकार बनाया और वापस खेत के अंदर खींच ले गया। घटना से किसानों और ग्रामीणों में भय है। सूचना पर वन रक्षक राजेश कुमार दीक्षित ने मौके का मुआयना किया। वन विभाग ने निगरानी बढ़ाकर ग्रामीणों से खेत-खलिहान और गन्ने के खेतों में अकेले न जाने की अपील की।
रेंजर रमाकांत सक्सेना ने बताया कि वन विभाग की टीम पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है। इस समय वन्यजीवों से विशेष सतर्कता जरूरी है। जंगल और गन्ने के खेतों में पानी भरने से वन्यजीव ऊंची जगहों पर ठिकाना बना रहे हैं।
-
बस्तौली रामनगर मार्ग पर दिखा तेंदुआ, पैरों के निशान भी मिले
बिजुआ। ग्राम पंचायत बस्तौली में रामनगर-बस्तौली संपर्क मार्ग पर तेंदुए के पैरों के निशान मिलने से ग्रामीणों में भय है। ग्रामीण धर्मेंद्र, फुरकान, लियाकत अली, सिराजुद्दीन और आजाद अली ने बताया कि क्षेत्र के आसपास कई बार तेंदुआ देखा गया है। हाल में मार्ग पर मिले पैरों के निशान से उसकी मौजूदगी की आशंका और मजबूत हुई है। ग्रामीण सुबह-शाम खेतों में जाने से बच रहे हैं और महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पहले वन विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं होने की बात कही गई थी। हालांकि रेंजर रमाकांत सक्सेना ने बताया कि क्षेत्र में आजकल तेंदुए ज्यादा दिखाई दे रहे हैं और मिले पैरों के निशान तेंदुए के ही हैं। संवाद
-
केले के खेत में मिला 20 फीट लंबा अजगर

निघासन। गांव महदेउवा टांडा के पास रविवार को केले के खेत में करीब 20 फुट लंबा अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया। महादेव टांडा निवासी अरविंद केले के खेत में कटाई कर रहे थे, तभी उनकी नजर रेंग रहे अजगर पर पड़ी। उनके शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण जुट गए। किसान ने वन विभाग को सूचना दी। बथुआ वन बीट प्रभारी चंद्रप्रकाश यादव, अजमत अली, जुम्मन अली, अख्तियार अली और लव कुमार ने मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया। संवाद

पीएचसी के वार्ड बॉय को सांप ने डसा

मझगईं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार रात वार्ड बॉय हिमांशु (30) को सांप ने डस लिया। रात करीब नौ बजे हिमांशु ने पीएचसी में कमरे का दरवाजा खोला तो वहां मौजूद सांप ने पैर में डस लिया। हालत बिगड़ने पर उसे पलिया सीएचसी ले जाया गया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इसी दौरान 108 एंबुलेंस पर तैनात रक्षपाल सिंह व सतेंद्र यादव के आवास में जहरीला सांप निकलने से हड़कंप मच गया। संवाद

अजगर को रेस्क्यू करती वन विभाग की टीम। स्रोत वीडियो

अजगर को रेस्क्यू करती वन विभाग की टीम। स्रोत वीडियो

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें