ग्राम चौपाल : खीरी की 153 ग्राम पंचायतों
में 1203 ग्रामीणों को मिला इंसाफ
- ग्राम चौपालों में उमड़े ग्रामीण, शिकायतों का निदान, योजनाओं से जोड़ने की हुई कवायद
- सात साल की मेधावी छात्रा अर्पिता के संग डीएम ने ग्राम चौपाल का देखा कामकाज
संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर खीरी। आमजन के चेहरे पर खुशहाली लाने के के उद्देश्य से पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर खीरी में ग्राम चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को पांचवें फेज में 153 न्याय पंचायतों की एक-एक ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपाल हुई, जिसकी अध्यक्षता संबंधित ग्राम प्रधानों ने व पर्यवेक्षण-अनुश्रवण प्रेक्षकों-नोडल अफसरों ने की। पंचम ग्राम चौपाल दिवस में फुल 1470 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें मौके पर 1203 शिकायतों का निस्तारण हुआ।
बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने डीपीआरओ सौम्यशील सिंह के साथ तहसील व ब्लॉक लखीमपुर की ग्राम पंचायत बेरिहातारनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पंचायत भवन में आयोजित ग्राम चौपाल के कामकाज को देखा। इससे पूर्व गांव के प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान वहां की कक्षा तीन की मेधावी छात्रा अर्पिता से प्रभावित होकर उसे भी अपने चौपाल लेकर पहुंचे, जहां उन्होंने चौपाल में मौजूद ग्रामीणों से उस छात्रा की मेघा की चर्चा की। उन्होंने मौजूद ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी सहित अन्य ग्राम स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारियों को ग्राम चौपाल की आवश्यकता एवं प्रासंगिकता बताई।
क्षेत्र के तीनों ब्लाकों के गावों में हुई ग्राम चौपालें
धौरहरा। तहसील क्षेत्र के ब्लाक ईसानगर के ग्राम ईसानगर, विरसिहंपुर, लखपेडा, बिलौली, सिरसी, महारिया, ऐरा, डेबर, रुद्रपुर, बेलागढी, ओझापुरवा, कोडरीरुप, रमियाबेहढ, नैनापुर, भटपुरवा, सुजईकुण्डा, अमेठी, मल्लबेहड़, टहारा, गौरिया, ढखेरवा नानकार, पढुवा और धौरहरा ब्लाक की खरवहिया नं1, गुदरिया, महराजनगर, मटेहनी, वाली, जुगुनूपुर, सिसैया, सरसवा आदि गावों में संबन्धित अधिकारियो ने ग्राम चौपालों का आयोजन कर लोगों की शिकायतें सुनकर उनके निस्तारण के लिए भेजी गईं। संवाद
पाण्डेयवारी और सुनौआ की चौपालों
में नहीं पहुंचे कई विभागों के कर्मचारी
पसगवां। क्षेत्र की ग्राम पंचायत पाण्डेयवारी, सुनौआ, मानाखेड़ा, नयागांवजाट, कंजा, छोलावारी, सल्लिया (जंगबहादुरगंज) में चौपाल लगाकर समस्याएं सुनी गईं। पाण्डेयवारी में प्रेक्षक सूरजकली, सचिव कुणाल गुप्ता ने प्रधान शिवराम कुशवाहा की मौजूदगी में शिकायत सुनी। सचिव ने बताया कि यहां आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा बहू, कृषि और पुलिस विभाग से कोई नहीं आया। सुनौआ की चौपाल में लेखपाल, एएनएम नहीं आई। प्रेक्षक त्रिलोकीनाथ, सचिव सौरभ चौधरी ने शिकायतें सुनीं, नयागांव जाट में प्रधान विमलादेवी की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में प्रेक्षक सचिन तिवारी, सचिव कुलदीप राठौर ने शिकायतों की सुना। उचौलिया में प्रधान इंद्रपाल की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में प्रेक्षक संजीव श्रीवास्तव, सचिव रजनीकांत पांडेय ,कंजा में प्रेक्षक बीईओ जीपी गौतम सचिव ब्रह्मप्रकाश तिवारी ने समस्याएं सुनीं। संवाद
चौपाल में एसडीएम ने सुनीं समस्याएं
बरवर। ब्लॉक पसगवां की ग्राम पंचायत ककराही में ग्राम चौपाल प्रेक्षक डॉ. राकेश की मौजूदगी में हुई।जिसमे एसडीएम पंकज श्रीवास्तव ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। ग्राम साहूपुर के फरियादियों ने कहा हमारे गांव में वर्षों से कोई सरकारी बिल्डिंग नहीं है। एसडीएम ने तत्काल लेखपाल से भूमि देखकर प्रस्ताव भेजने की बात कही। मौके पर फरियादियों की अन्य शिकायतों का भी तत्काल समाधान किया गया। इस मौके पर पंचायत सेक्रेटरी कौशल किशोर, लेखपाल हरिओम गुप्ता, ग्राम प्रधान श्याम प्रकाश, कोटेदार मौजूद रहे। संवाद
शिकायतों का अंबार निस्तारण कम हुआ
मोहम्मदी। इब्राहिमपुर ग्रंट में आयोजित ग्राम चौपाल में चार शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें से दो राजस्व की शिकायतों का निस्तारण किया गया। मुर्तजाअली नगर में पांच शिकायत प्राप्त हुईं, जिनमें से सभी का निस्तारण किया गया। ग्राम उचोलिया में कुल 14 शिकायतें, ग्राम खेतहरा में दो ककराही में 11 शिकायतें, नयागांव जाट में छह, बैंदा में सात, सहिजना में सात, छोलाबारी में आठ, उधनपुर में सात शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनको मौके पर निस्तारित किया गया। ग्राम मनाखेडा में कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं जिसमें चार शिकायतों को जांच के लिए संबंधित को भेजा गया। संवाद