पैराक्रिकेटर विक्रम नाग। स्रोत : सोशल मीडिया
धौरहरा। सर्वोदय नगर वार्ड के रहने वाले पैरा क्रिकेटर विक्रम नाग का चयन इंडियन पैरा क्रिकेट लीग के लिए किया गया है। यह लीग रोट्रैक्ट क्लब ऑफ कोयंबटूर गैलेक्सी के तत्वावधान में आयोजित होगी। उत्तर प्रदेश से चुने गए खिलाड़ियों में विक्रम नाग भी शामिल हैं।
कस्बा निवासी विक्रम नाग पहले भी उत्तर प्रदेश पैराक्रिकेट टीम के कप्तान रह चुके हैं। उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से बांग्लादेश में टीम को विजय दिलाई थी। उनके पुनः चयन की खबर से जिले भर में खुशी की लहर है। स्थानीय खेल प्रेमियों और युवाओं का कहना है कि विक्रम नाग ने साबित कर दिया है कि संकल्प और संघर्ष से कोई भी मंजिल पाना संभव है। दिव्यांगता के बावजूद विक्रम नाग ने हार नहीं मानी, सीमित संसाधनों और संघर्षों के बीच उन्होंने लगातार अभ्यास किया और आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। विधायक विनोद शंकर अवस्थी सहित कस्बे के लोगों ने खुशी जाहिर की है। संवाद