लखीमपुर खीरी। विकास भवन में 15 विभाग है, लेकिन आग बुझाने के उपकरण मात्र चार हैं। इन सिलिंडरों को कई वर्ष से रिफिल भी नहीं कराया गया। ऐसे में अगर आग लगी तो बुझाना मुश्किल हो जाएगा।
विकास भवन तीन मंजिला है। यहां भूतल पर जिला समाज कल्याण, दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग, डीएसटीओ, लघु सिंचाई, एआर कोऑपरेटिव और जिला कृषि अधिकारी के कार्यालय हैं। वहीं प्रथम तल पर डीडीओ, पीडी, डीपीआरओ, डीसी मनरेगा विभाग के साथ ही सीडीओ कार्यालय है। तीसरी मंजिल पर जिला कार्यक्रम, मत्स्य, पशु विभाग, आरईएस, जनजाति, पिछड़ा वर्ग कल्याण आदि विभाग हैं।
सभी विभागों की सुरक्षा के लिए मात्र चार फायर सिलिंडर हैं। पहला सिलिंडर भूतल पर जीने के पास रखा है। जिसे वर्ष 2021 के बाद से रिफिल नहीं कराया गया है। इस सिलिंडर में लगी मीटर की सुई गिर चुकी है। दूसरा सिलिंडर जिला दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के पास लगा है। प्रथम तल पर तीसरा सिलिंडर सीडीओ कार्यालय और चौथा तीसरे मंजिल पर लगा है।
विकास भवन के लिए मात्र चार फायर सिलिंडर पर्याप्त नहीं है। अगर किसी प्रकार की कोई घटना होती है तो नियंत्रित करना मुश्किल हो जाएगा। जबकि विकास भवन में अक्सर शॉर्ट सर्किट की घटनाएं होती रहती हैं।
विकास भवन के फायर सिलिंडरों की रिफिलिंग कराने के लिए निर्देश दिए जा चुके हैं। साथ ही सिलिंडरों की संख्या भी बढ़ाने को भी कहा है।
-अभिषेक कुमार, सीडीओ