लखीमपुर खीरी। बार बालाओं पर रुपये लुटाने और उन्हें इशारों पर नचाने का वीडियो वायरल होने पर विद्युत निगम के एक अवर अभियंता (जेई-जूनियर इंजीनियर) को निलंबित कर दिया गया है। आरोपी जेई रोहिताश शर्मा निघासन डिविजन के सिंगाही उपकेंद्र पर तैनात है।
निलंबन आदेश के अनुसार, अवर अभियंता रोहिताश शर्मा और अन्य कर्मियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें रात के समय बार बालाओं पर रुपये लुटाते और उन्हें इशारों पर नचाते हुए देखा जा रहा है। वीडियो के ऑडियो में आयोजकों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है।
अधीक्षण अभियंता (ईई) ब्रह्मपाल ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो संज्ञान में आने के बाद डिविजन तृतीय के अधिशासी अभियंता से रिपोर्ट मांगी गई। जांच में अवर अभियंता द्वारा बार बालाओं पर पैसा लुटाने और आयोजकों को मुफ्त विद्युत आपूर्ति कराने की बात सामने आई।
इसके अलावा अवर अभियंता के खिलाफ शराब पीकर उपभोक्ताओं से गाली-गलौज और अभद्र भाषा के प्रयोग की शिकायतें भी मिलीं। उनके तैनाती उपकेंद्र पर कार्य भी अधूरे पाए गए। इन सभी आरोपों को गंभीर मानते हुए अवर अभियंता रोहिताश शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।