लखीमपुर खीरी। गृह जनपद जाने वाले शिक्षकों से आवेदन मांगे गए हैं। खीरी जिले में पहले से ही शिक्षकों की कमी है। ज्यादातर स्कूल अनुदेशक और शिक्षामित्रों के सहारे संचालित किये जा रहे हैं। ऐसे में जिले से गृह जनपद जाने वाले शिक्षकों के तबादला में अड़ंगा लग सकता है। हालांकि विभागीय अधिकारी का कहना है कि जहां अधिक शिक्षक हैं वहीं के शिक्षकों को गृह जनपद तबादले का लाभ मिलेगा।
जिले में 1973 प्राथमिक विद्यालय, 407 उच्च प्राथमिक विद्यालय के साथ ही 727 संविलियन विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। इन स्कूलों में 4.5 लाख से ज्यादा विद्यार्थी पंजीकृत हैं।
शिक्षकों की बात करें तो करीब 8892 की ही तैनाती है। यहां पहले से ही शिक्षकों की कमी है। उधर, शासन की ओर से गृह जनपद तबादले का आदेश आया तो शिक्षकों में खुशी देखी गई।
शासन ने यह भी बाध्यता रखी कि गृह जनपद वाले उन्हीं शिक्षकों के तबादले हों, जहां कम शिक्षक हैं। फिलहाल 13 जून को स्थिति साफ हो सकेगी।