ट्रॉफी के साथ वीरमपुर की टीम। स्रोत : आयोजक
भीखमपुर। घोला क्रिकेट क्लब टूर्नामेंट में वीरमपुर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट से मैच जीत लिया। इसमें वीरमपुर के खिलाड़ी जेके को मैन ऑफ द सीरीज तथा शमशाद को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार दिया गया।
घोला क्रिकेट क्लब टूर्नामेंट का फाइनल मैच वीरमपुर और डोकरपुर के बीच खेला गया। 12 ओवर के मैच में वीरमपुर ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग की। डोकरपुर की टीम पहले खेलते हुए 10 ओवर में 70 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। डोकरपुर के कप्तान अजयपाल ने 17 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि वीरमपुर के शमशाद ने 18 रन देकर 4 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वीरमपुर की टीम के मोहन ने 33, शमशाद ने 12 और दिलशाद ने 10 रन का योगदान देते हुए 11.5 ओवर में 71 रन बनाकर मैच जीत लिया। फाइनल जीतने वाली वीरमपुर की टीम को 2100 नकद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 11 सौ नकद और ट्रॉफी मुल्तानपुर ग्रंट के प्रधानपति संजय कुमार राठौर ने दी।
वीरमपुर की ओर से पूरे टूर्नामेंट में 14 विकेट लेने वाले खिलाड़ी जेके को मैन ऑफ द सीरीज और आज के मैच में चार विकेट लेने वाले शमशाद को मैन ऑफ द मैच चुना गया। फाइनल क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलने वाले सभी खिलाड़ियों को ट्रॉफी और इनाम दिया गया। इस मौके पर घोला क्रिकेट क्लब टूर्नामेंट के अध्यक्ष विपिन वर्मा, कोषाध्यक्ष रवि वर्मा, पवन और रामराखन वाजपेई समेत सैकड़ों दर्शक मौजूद रहे।