लखीमपुर खीरी। शहर के निजी अस्पताल में युवक की मौत होने के बाद परिजनों ने हंगामा काटा। उन्होंने इलाज में लापरवाही बरतने के साथ दो लाख रुपये न मिलने पर शव न देने का आरोप लगाया। पुलिस ने परिजनों को शांत कराकर शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है।
हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव अल्लीपुर निवासी सुमित कुमार मिश्रा (34) पुत्र आनंद कुमार मिश्रा की करीब 15 दिन पहले मोहम्मदी में हुए सड़क हादसे में पैर की हड्डी टूट गई थी। परिजनों ने उसे आवास विकास कॉलोनी स्थित गुप्ता हॉस्पिटल लेकर गए। परिजनों ने बताया कि युवक करीब 13 दिनों तक उक्त अस्पताल में भर्ती रहा, लेकिन उसकी हालत सुधरने के बजाय बिगड़ती चली गई।
आरोप है कि डॉक्टर ने सोमवार को उसे लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उसे लखनऊ लेकर गए, लेकिन किसी भी अस्पताल ने उसे भर्ती नहीं किया। इससे परेशान परिजन उसे दोबारा लखीमपुर के उसी निजी अस्पताल लाए, लेकिन यहां के चिकित्सक ने मरीज को देखना तक मुनासिब नहीं समझा। कुछ ही देर के बाद युवक की मौत हो गई। इस पर परिजन आक्रोशित हो उठे और हंगामा करना शुरू कर दिया।
सूचना पाकर शहर कोतवाल हेमंत राय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव काे पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा। इधर, परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि युवक के पूरे शरीर पर छाले पड़ने लगे थे। पैर भी सड़ने लगा था। शहर कोतवाल हेमंत राय ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। परिजनों ने तहरीर दी है। जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस मामले में अस्पताल के प्रबंधक से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।
रोते बिलखते परिवार के लोग। संवाद