ओयल। पुरवा सावल सिंह सहकारी समिति में सोमवार को खाद वितरण को लेकर किसानों ने हंगामा कर दिया। नाराज किसानों ने कुछ देर हाईवे की एक लेन जाम कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाकर किसानों को समिति परिसर में लाइन लगवाकर नए टोकन दिलाए।
सोमवार को समिति खुलते ही खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। किसानों का आरोप है कि कर्मचारियों ने कार्यालय का ताला खोलकर अंदर से कुंडी लगा ली और बताया कि एमडी के आने पर ही खाद वितरण होगा। इससे नाराज किसानों ने हाईवे की एक लेन पर जाम लगा दिया। कुछ ही देर में वाहनों की कतार लग गई।
हाईवे जाम होने की सूचना पर चौकी प्रभारी डिंपल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाकर जाम खुलवाया और समिति परिसर में लाइन लगवाकर नए टोकन वितरित कराए।
समिति के एमडी सचिन चौधरी ने बताया कि यूरिया पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। समिति खुलते ही फिंगर लगाने वाली मशीन खराब हो गई थी। उसे ठीक कराने कर्मचारी लखीमपुर गया था। मशीन ठीक होने के बाद समिति पहुंचकर नए टोकन बांटे गए और पुराने टोकन वाले किसानों को भी खाद वितरित की गई। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह बुधवार तक यूरिया वितरित हुई थी और बृहस्पतिवार को नया स्टॉक पहुंच गया था।