सर्दी को देखते हुए यूपी में छुट्टियों का एलान कर दिया गया है। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में 10 जनवरी तक अवकाश रहेगा। डीआईओएस और बीएसए ने आदेश जारी किया है। साथ ही इसका पालन करने के निर्देश दिए हैं।
लखीमपुर खीरी में भीषण ठंड का दौर जारी है। पूरा जिला शीतलहर और कोहरे की चपेट में है। सर्दी को देखते हुए कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में 10 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। वहीं माध्यमिक के कक्षा छह से आठ तक के बच्चों की छुट्टी अग्रिम आदेश तक कर दी गई है।
विज्ञापन
शनिवार को डीआईओएस डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह और बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने आदेश जारी करते हुए इसका पालन करने के निर्देश दिए हैं। कई दिन बाद एक बार फिर कोहरे की चादर बिछी नजर आई। शनिवार सुबह छाए घने कोहरे में बच्चों को स्कूल जाना पड़ा।
दृश्यता शून्य रही। वाहनों को लाइट जलाकर गुजरना पड़ा। थोड़ी दूर का भी नहीं दिख रहा था। हाईवे और ग्रामीण इलाकों में तो हालात और ज्यादा खराब रहे। न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 11 और अधिकतम 18 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
विज्ञापन
कोहरे के कारण सूरज की किरणें भी जमीन तक नहीं पहुंच सकीं। सर्द हवाओं ने सर्दी को और बढ़ा दिया। गलन भरे दिन में लोग घरों में कैद होकर रह गए। दुकानों आदि के बाहर दुकानदार अलाव जलाकर सर्दी को कम करने की कोशिश करते रहे। हालांकि नगर पालिका ने अलाव के इंतजाम किए हैं लेकिन शाम के वक्त ही यह अलाव जलाए जाते हैं। दिनभर लोगों को ठिठुरना पड़ता ह।
Trending Videos
शाहजहांपुर में माध्यमिक स्कूलों का समय बदला
शाहजहांपुर में भीषण शीतलहर को ध्यान में रखकर माध्यमिक विद्यालयों का संचालन सुबह दस से अपराह्न तीन बजे से तक किया जाएगा। इसको लेकर डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि माध्यमिक के सभी विद्यालयों के संचालन का समय परिवर्तित कर दिया गया है। इसको लेकर उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद की ओर से पत्र सौंपकर मांग की गई थी।
बरेली में लोगों की छूटती रही कंपकंपी
उधर, बरेली में कड़ाके की ठंड का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। सुबह घना कोहरा रहा। दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप निकली, पर सर्द हवा की वजह से बेअसर साबित हुई। लोगों की कंपकंपी छूटती रही। दिन का पारा एक कदम और फिसलकर सामान्य से सात डिग्री कम दर्ज हुआ। शाम होते ही फिर शहर पर घने कोहरे की चादर तनने लगी। रात 11 बजे तक कई जगह दृश्यता शून्य दर्ज की गई। रविवार की सुबह भी कोहरे के साथ हुई।
अगले तीन दिन कोल्ड डे का अलर्ट
मौसम विभाग ने सात जनवरी से शहर में फिर बर्फीली हवा के प्रवेश से कोल्ड डे का अलर्ट है। गलन बढ़ेगी। कोहरा घना होने से दृश्यता शून्य रहेगी। शनिवार को अधिकतम तापमान 14 तो न्यूनतम पारा 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहन हेडलाइट जलाकर रेंगते नजर आए। मौसम विभाग ने फिलहाल ठंड जारी रहने का अनुमान जताया है।