पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)। दुधवा नेशनल पार्क के अलौकिक वातावरण का आनंद लेने के लिए तीन फरवरी को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल दुधवा पहुंचेंगी। इसको लेकर रविवार को पूरे दिन दुधवा पर्यटन परिसर के साथ ही हवाई पट्टी पर साफ-सफाई का कार्य जोरों से चलता रहा। प्रशासनिक अधिकारियों के नजरें टेढ़ी न हो जाएं इसके लिए पूरे दिन कर्मचारी कार्य में जुटे रहे।
शनिवार को राज्यपाल के दौरे को लेकर डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, एसपी पूनम तथा एफडी संजय पाठक ने भी पार्क पहुंचकर वहां का मौका मुआयना किया था। रविवार को हालांकि कोई प्रशासनिक अधिकारी दुधवा में नहीं पहुंचा लेकिन बीच-बीच में स्थानीय अधिकारी आकर स्थिति का जायजा लेते रहे। दुधवा पर्यटन परिसर में वीआईपी रेस्ट हाउस में भी साफ-सफाई का कार्य युद्धस्तर से किया जा रहा है। इसके अलावा हवाई पट्टी पर भी सफाई की जा रही है। नगर पालिका ईओ महेंद्र चौधरी पूरी टीम के साथ व्यवस्थाओं को मुकम्मल करने में जुटे रहे। हैलीपैड के लिए भी जगह चिह्नित कर उसको अंतिम रूप दिया जा रहा है। सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध किए गए हैं।
वापस बुलाई गईं चमेली और सुलोचना
दुधवा नेशनल पार्क की चमेली व सुलोचना हथनियों को किशनपुर रेंज में बाघ की तलाश के लिए भेजा गया था। तीन फरवरी को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के आगमन को लेकर चमेली व सुलोचना को वापस बुलाया गया है।
राज्यपाल जिन मार्गों से गुजरेंगी उसके अलावा बाकी पर होगा पर्यटन
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के दुधवा पार्क भ्रमण को लेकर पार्क प्रशासन ने स्थिति साफ की है। पार्क प्रशासन का कहना है कि जिस मार्ग पर राज्यपाल का भ्रमण है उसको छोड़कर शेष पार्क एरिया में पर्यटन जारी रहेगा, उस पर कोई रोक नहीं लगाई गई है। जिन रूटों पर राज्यपाल को भ्रमण करना है वहां पर आम सैलानियों को नहीं भेजा जाएगा।
रोड पर होता रहा मरम्मत और पैचिंग का कार्य
दुधवा जाने वाली रोड पर निर्माण कार्य जोरों से चल रहा है। पानी का छिड़काव करने के अलावा फरसहिया टांडा से बंशीनगर के पहले तक एक तरफ ट्रैफिक को रोककर बजरी, पत्थर वाली रोड पर वाहन चलने लायक बनाया जा रहा है। इसके अलावा नकउहा नाले के आगे जहां तक रोड पर गड्ढ़े हैं उनको पैचिंग कर ठीक किया जा रहा है।
हवाई पट्टी जाने वाले मार्ग से हटाई झाड़ियां
दुधवा रोड से हवाई पट्टी जाने वाले मार्ग के साइड में उगीं झाड़ियों को काटकर मिट्टी के ढेरों को जेसीबी मशीन से हटाकर बराबर किया जा रहा है। इससे रोड हल्की चौड़ी भी हुई है। मालूम हो कि हवाई पट्टी से इसी मार्ग से राज्यपाल का काफिला दुधवा नेशनल पार्क पहुंचेगा। इसी तरह हवाई पट्टी से दुधवा तक नकउहा व सुहेली नदी का पुल पड़ता है। पुल के ऊपर तथा आसपास काफी मात्रा में गंदगी का अंबार लगा था। जिसको रविवार को साफ कराया गया।
दुधवा भ्रमण पर आज आएंगी राज्यपाल
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल परिवार के साथ सोमवार को दुधवा नेशनल पार्क पहुंचेंगी।
वह तीन फरवरी को अपराह्न 2:35 बजे लखनऊ से पलिया हवाई पट्टी के लिए रवाना होंगी, जिसके बाद 3:25 बजे हेलीकॉप्टर पलिया हवाई पट्टी पर उतरेगा। राज्यपाल की आगवानी के लिए डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसपी पूनम मौजूद रहेंगे। इसके बाद राज्यपाल और उनका परिवार सीधे दुधवा नेशनल पार्क पहुंचेगा। दुधवा पार्क का भ्रमण करने के बाद राज्यपाल पार्क में ही रात्रि विश्राम करेंगी। दूसरे दिन चार फरवरी को सुबह सात बजे गेंडा परिक्षेत्र सलूकापुर जाएंगी। इसके बाद सोनारीपुर फॉरेस्ट रेस्ट हाउस पहुुंचेंगी। अपराह्न 3:40 बजे राज्यपाल लखनऊ के लिए रवाना होंगी। इसके बाद पांच फरवरी को राज्यपाल लखनऊ में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम अटेंड करने के बाद अपराह्न एक बजे पलिया के लिए रवाना होंगी। फिर हवाई पट्टी से कतर्नियाघाट पार्क बहराइच के लिए कार से रवाना होंगी। छह फरवरी को राज्यपाल कतर्नियाघाट से दोपहर 12:15 बजे दुधवा नेशनल पार्क पहुंचेंगी। इसके बाद किशनपुर सेंक्चुरी का भ्रमण करेंगी, जिसके बाद दुधवा पार्क में रात को ठहरेंगी। सात फरवरी को राज्यपाल कार से पीलीभीत टाइगर रिजर्व मुस्तफाबाद वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी के लिए रवाना होंगी।
राज्यपाल का दौरा पूरी तरह व्यक्तिगत है। वह अपने परिवार के साथ दुधवा नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगी। प्रोटोकॉल के तहत सारी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक पुलिस बल लगाया गया है।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम