लखीमपुर खीरी। आगामी फरवरी में आयोजित होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा में छात्राओं की संख्या पहले के मुकाबले घट गई है। दसवीं और 12वीं की परीक्षा में इस बार छात्राओं ने कम पंजीकरण कराए हैं। इस बार छात्रों के मुकाबले छात्राओं का प्रतिशत घटा है। बीते वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो आंकड़े चौकाने वाले हैं।
विभागीय आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो पिछले साल 22,006 छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। इस बार हाईस्कूल वर्ग में 21,750 छात्राएं पंजीकरण कराया है। जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए इस बार 18,189 छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। वहीं पिछले साल 21,222 छात्राएं पंजीकृत थीं।
डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि इस बार छात्राओं के नामांकन में कमी आई है। यह एक चिंता का विषय है। उनका कहना था कि इस बार समय निकल चुका है, लेकिन इस समस्या से निपटने और घटते हुए छात्राओं के नामांकन को लेकर स्कूलों की सूची बनाई जाएगी। इतना ही नहीं कम नामांकन वाले स्कूलों की विशेष तरीके से निगरानी कराई जाएगी। बताया कि इस बार की यूपी बोर्ड परीक्षा में कुल 89,805 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। हाईस्कूल के लिए कुल 49,682 वहीं इंटरमीडिएट के 40,123 परीक्षार्थी शामिल होंगे।