लखीमपुर खीरी। शांतिपूर्वक और नकलविहीन बोर्ड परीक्षा कराने के लिए शासन ने जो व्यवस्थाएं की हैं, उन्हें कुछ कॉलेज चौपट करने में लगे हैं। इसका खुलासा संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल के निरीक्षण में हुआ है। बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए डीआईओएस ने कुछ स्कूलों के शिक्षकों की कक्ष निरीक्षक के लिए दूसरे परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी लगाई थी। मगर, प्रधानाचार्यों ने उन्हें रिलीव ही नहीं किया। इस पर डीआईओएस ने दो स्कूलों को नोटिस जारी कर शिक्षक रिलीव करने के निर्देश दिए हैं।
डीआईओएस ने शांतिपूर्वक परीक्षा कराने के लिए हर कक्ष में दो कक्ष निरीक्षक लगाने के निर्देश दिए थे। साथ ही जिन केंद्रों पर शिक्षकों की कमी थी वहां पर अन्य स्कूलों के शिक्षक लगाए गए थे। इसमें जयराम सिंह इंटर कॉलेज में कक्ष निरीक्षक कम होने पर रानी लक्ष्मी बाई कन्या इंटर कॉलेज और धर्मसभा इंटर कॉलेज के लिए अनंत राम इंटर कॉलेज के पांच- पांच शिक्षकों की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक के रूप में लगाई थी। मगर, रानी लक्ष्मी बाई इंटर कॉलेज और अनंत राम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने शिक्षकों को रिलीव ही नहीं किया। इसका खुलासा मंगलवार को जेडी सुरेंद्र कुमार तिवारी के औचक निरीक्षण में हुआ। जेडी के निर्देश पर डीआईओएस ने दोनो कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को शिक्षक भेजने के लिए नोटिस जारी की है।
इन विद्यालयों को भेजा नोटिस
1. रानी लक्ष्मी बाई कन्या इंटर कॉलेज
2. अन्नत राम इंटर कॉलेज
बोर्ड परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। शिक्षक रिलीव करने के लिए नोटिस जारी की है। यदि इस पर भी शिक्षक नहीं भेजे गए तो मान्यता खत्म करने के लिए बोर्ड को पत्र लिखा जाएगा।
-डॉ. आरके जायसवाल, डीआईओएस