महेवागंज। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के भतीजे अचिन मिश्रा (37) की आंधी के दौरान बाइक पर पेड़ गिरने से मौत हो गई। बुधवार शाम अचिन बाइक से घर जा रहे थे, तभी ये हादसा हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सील कराया है।
बनवीरपुर गांव के पूर्व प्रधान दिनेश चंद्र मिश्रा के पुत्र अचिन बुधवार शाम बाइक से घर जा रहे थे। इस बीच तेज आंधी आ गई और शारदा नहर मोड़ मुराउनपुरवा के पास सड़क किनारे लगा पेड़ उखड़कर उनकी बाइक पर जा गिरा। पेड़ गिरते ही मय बाइक के अचिन सड़क पर गिर पड़े और बाइक उनके ऊपर आ गई। राहगीरों ने जब हादसा देखा तो मौके पर काफी भीड़ गई।
लोगों ने किसी तरह पेड़ काटकर जब तक अचिन को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि हादसा इतना भीषण था कि हेलमेट लगाए रहने के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग बनवीरपुर से जिला अस्पताल पहुंच गए। अचिन की मौत से सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर परिचितों और रिश्तेदारों का जमावड़ा लगा रहा।