लखीमपुर खीरी। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गोटैय्याबाग में मंगलवार रात रेललाइन का टुकड़ा चोरी कर ले जा रहे दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। हालांकि इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी और बरामद रेललाइन के टुकड़े को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के हवाले कर दिया गया।
मोहल्ले के लोगों के मुताबिक मंगलवार रात एक रिक्शा पर बोरे में सामान ले जाते दो युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। शक होने पर लोगों ने उन्हें रोक लिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना के बाद दोनों युवक घबरा गए और भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही एक युवक लोगों को चकमा देकर भाग गया, जबकि दूसरे युवक को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर बोरे से रेललाइन का टुकड़ा बरामद हुआ।
कोतवाली पुलिस पकड़े गए रिक्शा चालक को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। मामला रेलवे संपत्ति से जुड़ा होने के कारण आरोपी और बरामद सामान को आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम प्रदीप कुमार निवासी खनियापुर चौराहा, थाना खमरिया बताया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है। वहीं उसका साथी नन्हें फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।