वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई, डीएम-सीडीओ ने सौंपे नियुक्ति पत्र
लखीमपुर खीरी। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के 508 क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं विकास अधिकारियों और 26 व्यायाम प्रशिक्षकों को वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए सोमवार को नियुक्ति पत्र बांटे गए। इस कार्यक्रम में खीरी के दो युवाओं को डीएम व सीडीओ ने नियुक्ति पत्र दिए।
कलक्ट्रेट स्थित जिला सूचना एवं विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के वीडियो कांफ्रेंसिंग हॉल से जिले के दो चयनित क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी शैलेश मिश्रा व अजय कुमार गुप्ता समेत डीएम डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया, सीडीओ अरविंद सिंह व जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी प्रबोध कुमार वर्चुअल जुड़े।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने चयनित व नवनियुक्त सभी क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं विकास अधिकारियों व व्यायाम प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। सीएम ने कहा कि सरकार नियुक्ति पत्र देकर आपकी प्रतिभा का सम्मान कर रही है। आप सभी का दायित्व है कि पूरी ऊर्जा, क्षमता व रचनात्मकता के साथ ग्रामीण क्षेत्र में खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाएं।