धौरहरा। धौरहरा-कफारा मार्ग पर बृहस्पतिवार को टापरपुरवा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार चाचा-भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने बताया कि धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के गांव देवीपुरवा मजरा कफारा निवासी विमल (33) पुत्र छन्नू और उनका चचेरा भाई नीरज कुमार (22) बाइक से धौरहरा जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे लखाही गांव निवासी त्रिपुरेश सिंह (33) पुत्र मदन पाल सिंह और उनके चाचा देवेंद्र प्रताप सिंह (62) पुत्र भगौती सिंह की बाइक से टापरपुरवा गांव के पास आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी धौरहरा पहुंचाया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. रवि सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में विमल और नीरज ने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल त्रिपुरेश सिंह और देवेंद्र प्रताप सिंह का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिए हैं। वहीं, पुलिस तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की बात कर रही है।