लखीमपुर खीरी। कोतवाली पुलिस ने बीते दिनों शहर में हुई दो चोरियों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का कुछ सामान भी बरामद किया है। दोनों का चालान भेज दिया गया है।
पहली घटना 14 जनवरी की रात की है। चोरों ने उदयपुर महेवा निवासी अमित वर्मा के बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर करीब 40 हजार रुपये नकद और लगभग तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे।
दूसरी वारदात 24 फरवरी को मोहल्ला ईदगाह में हुई, जहां शुभम सिंह के घर से तीन लाख रुपये नकद, करीब चार लाख रुपये के जेवरात और डीवीआर चोरी कर लिया गया था।
शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान इस्लामनगर गोटैय्याबाग निवासी राहत अली और गोटैय्याबाग निवासी फरदीन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 8 हजार रुपये नकद, दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी सुई-धागा और चांदी का एक हाय बरामद किया गया है। पुलिस अन्य चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।