पलियाकलां। नेपाल में होने वाले प्रतिनिधि सभा के चुनाव के मद्देनजर 2 मार्च से सीमा सील कर दी जाएगी। नेपाल में आगामी 5 मार्च को मतदान होना है और इसके अगले दिन लगभग 72 घंटे बाद सीमा पर आवागमन शुरू हो सकेगा। सीमा सील किए जाने के मद्दे नजर पुलिस, एसएसबी और वन विभाग ने मिलकर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की।
2 मार्च सोमवार की रात 12 बजे से सीमा सील होगी जो मतदान वाले दिन यानी 5 मार्च गुरुवार की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान गौरीफंटा समेत जिले से सटी सभी सीमाओं पर लोगों और वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह निर्णय दोनों देशों के अधिकारियों के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया था। सीमा बंदी के दौरान केवल आपातकालीन सेवाओं को ही आने जाने की अनुमति होगी। इसमें एम्बुलेंस, दमकल, शव वाहन, पेट्रोलियम टैंकर और अस्पताल सेवा से जुड़े वाहनों को छूट दी गई है। नेपाल प्रशासन आम जनता से पहले ही अपील कर चुका है कि वह इस समयावधि को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा तय करें। सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और चप्पे चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। दोनों ही देशों की सुरक्षा एजेंसियां सीमा पर निगरानी रख रहीं हैं, रविवार को भी भारत की ओर सीमा पर निगरानी जारी रही, भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।