two people injured in tiger attack
निघासन (लखीमपुर खीरी)। बेलरायां-पनवारी मार्ग पर गांव घोसियाना के निकट रविवार शाम बाघ के हमले में बाइक से जा रहे दो लोग गिरकर जख्मी हो गए। राहगीरों ने उन्हें निघासन सीएचसी में भर्ती कराया, जबकि एक बाइक सवार भाग निकलने में सफल रहा। बाद में बाघ गन्ने के खेत में चला गया।
बिनौरा निवासी इरफान (35) ने बताया कि तिकुनियां निवासी उसकी बुआ जयबुल्ला बेगम की मौत हो गई थी। जानकारी पर वह रविवार शाम पांच बजे चाचा कासिम शाह (55) के साथ बाइक से तिकुनियां जा रहे थे। इसी सड़क पर एक अन्य बाइक से अन्य दो लोग बाइक से सिंगाही की ओर जा रहे थे। दोनों बाइक निघासन और सिंगाही के बीच स्थित घोसियाना के पास पहुुुंचीं, इसी दौरान सड़क के पश्चिम स्थित खेत से एक बाघ निकला और आगे जा रही बाइक पर छलांग लगाई। बाइक सवार ने बाघ को देखकर अपनी बाइक की गति बढ़ाई और भाग निकला। इसी बीच पीछे आ रही बाइक के सवार बाघ से टकरा गए, और सड़क पर गिर गए। बाइक के टकराने से बाघ सड़क के पूरब स्थित गन्ने के खेत की ओर भाग गया। बाघ को देखकर वहां पर लोगों की भीड़ लग गई। राहगीरों ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। लुधौरी वन रेंज के दरोगा शिवबाबू सरोज ने बताया कि बाघ होने की सूचना मिली है। टीम भेजकर उसकी लोकेशन पता की जा रही है।