बेहजम। नीमगांव थाना क्षेत्र के बेहजम कस्बे में लखीमपुर-मैगलगंज मार्ग पर धवन पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार निजी बस ने बाइक में टक्कर मार दी। बेटे की शादी के कार्ड बांटने जा रहे पिता समेत बाइक सवार दो लोगों की हादसे में मौत हो गई।
थाना फरधान क्षेत्र के देवरिया गांव के प्रमोद कुमार (50) अपने साथी धोनी (20) पुत्र संजय निवासी शंकरपुर थाना फरधान के साथ बुधवार दोपहर अपने बेटे आकाश राज की शादी के कार्ड बांटने के लिए बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान बेहजम कस्बे में धवन पेट्रोल पंप के सामने मितौली की ओर से लखीमपुर जा रही निजी बस की बाइक से आमने-सामने टक्कर की हो गई। दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए और बस ने उन्हें कुचल दिया।
दोनों बाइक सवारों में से कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था, इस कारण दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए। नीमगांव एसओ सुनीता कुशवाहा ने घायलों को बेहजम सीएचसी भेजवाया। यहां प्रमोद की मौत हो गई। दूसरे बाइक सवार धोनी ने जिला अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया।
बस चालक और परिचालक मौका पाकर घटना स्थल से फरार हो गए। वहीं बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बताया गया है कि मृतक प्रमोद के पुत्र का 17 अप्रैल को तिलक और 18 अप्रैल को विवाह होना था।