शारदानगर और ईसानगर में हुई घटनाएं
अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं में बालक समेत तीन लोगों की शारदा नहर, घाघरा नदी और तालाब में डूबकर मौत हो गई।
सीतापुर जिले के थाना रेउसा के गांव जालिमनगर निवासी 40 वर्षीय पहाड़ी पुत्र श्रीराम मंगलवार को गांव के ही अन्य लोगों के साथ शारदानगर स्थित बालाजी मंदिर दर्शन करने के लिए आया था। शाम को वह बोलेरो से घर लौट रहा था। रामापुर गांव के पास शारदा नहर किनारे वह शौच करने गया, जहां फिसलकर नहर में डूब गया। उसके शोर मचाने पर साथी उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक वह डूब चुका था। आसपास के ग्रामीणों की मदद से पहाड़ी को नहर से बाहर निकालकर जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ईसानगर। पिता के साथ भैंस चराने गए बालक की घाघरा नदी में डूबकर मौत हो गई। ईसानगर निवासी छेद्दा लाल तिवारी ने बताया कि वह मंगलवार की शाम करीब चार बजे 14 वर्षीय पुत्र कृष्णदत्त के साथ गांव के उत्तर में घाघरा नदी के किनारे भैंस चराने गया था। नदी किनारे भैंस चरते-चरते पानी में घुस गयी। उसे बाहर लाने के लिए कृष्णदत्त भी पानी में उतर गया। अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबने लगा। पिता ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन खुद तैर न पाने की वजह से अपने बेटे को नहीं बचा सका। गांव वालों की मदद से करीब तीन घंटे बाद उसके शव को निकाला जा सका। कृष्णदत्त कक्षा पांच का छात्र था। घटना को एक हादसा मान घर वालों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मितौली। कस्ता निवासी संकटा प्रसाद के पुत्र 20 वर्षीय शैलेंद्र कुमार की तालाब में डूबकर मौत हो गई। वह बुधवार को सुबह शौच के लिए गांव के देवी तालाब के पास गया था। तभी अचानक पैर फिसलने से वह तालाब में डूब गया। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना परिवार वालों को दी। परिवार वाले मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।