उचौलिया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने चलती बाइक पर पीछे बैठे स्मॉल फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर के हाथ से मोबाइल झपट लिया। पीड़ित ने बदमाशों का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन वह बनकागांव मार्ग से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
शाहजहांपुर शहर के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र में नई बस्ती रेती निकट हनुमत धाम निवासी विजय सिंह एक स्मॉल फाइनेंस कंपनी में शाहजहांपुर शाखा में ब्रांच मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि वह सेंटर मैनेजर अरुण कुमार के साथ हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र के गांव सरावर से समूह के बकाया ऋण की वसूली के लिए गए थे। लौटते समय उचौलिया थाना क्षेत्र में गांव कोटरा स्थित जियो पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही वह मोहदियापुर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया।
विजय सिंह ने बताया कि वह आज की रिपोर्ट भेजने के लिए मोबाइल हाथ में पकड़े हुए थे। बाइक अरुण कुमार चला रहे थे और उसकी रफ्तार भी कम थी। वारदात के बाद उन्होंने बदमाशों का उचौलिया तक पीछा किया, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिराहे पर ट्रक आने से वे सड़क पार नहीं कर सके। इस दौरान बदमाश वनकागांव मार्ग की ओर मुड़कर भाग गए।
घटना की सूचना पर सीओ मोहम्मदी अरुण कुमार सिंह और उचौलिया प्रभारी निरीक्षक अवध राज सिंह सेंगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
बदमाशों की पहचान के लिए पेट्रोल पंप और आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद