कृभको और इफको क्रय केंद्र का निरीक्षण करते मंत्री। संवाद
लखीमपुर खीरी। जिले में पिछले करीब 10 दिनों से सहकारी समितियों पर सर्वर की समस्या होने से किसान यूरिया पाने के लिए भटक रहे हैं। बृहस्पतिवार को कैबिनेट कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही यूरिया की किल्लत और वितरण संबंधी समस्याओं को देखने के लिए जिले के दौरे पर पहुंचे। महेवागंज स्थित इफको ई-बाजार और कृषक भारतीय सेवा केंद्र (कृभको) क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
मौके पर किसान राजेंद्र कुमार, हरप्रीत सिंह, सुदेश, रमेश कुमार, गुरप्रीत सिंह को फोन कर फीडबैक लिया। कृभको सेंटर पर लाइन में लगे किसानों से पूछा, लेकिन मंत्री को संबंधित केंद्र पर व्यवस्थाएं चकाचक थीं और किसानों ने भी कोई बड़ी शिकायत नहीं की। बस कभी कभार सर्वर की दिक्कत होने की बात सामने आई। जबकि सर्वर की समस्या 10 दिनों से बनी है और इससे रोजाना किसान जूझ रहे हैं।
इधर, कृषि मंत्री के निरीक्षण के बीच फूलबेहड़ और सैदापुर समिति पर सर्वर ठप होने से खाद नहीं मिली। फूलबेहड़ सचिव देशवीर सिंह ने बताया कि स्टॉक में 800 बोरी है, लेकिन सर्वर न होने से वितरण नहीं हो सकी। सैदापुर सचिव अवनीश मौर्य ने बताया कि नेटवर्क बाधित रहा। इधर, कृभको इंचार्ज विशाल ने बताया कि दोपहर कुछ देर के लिए नेटवर्क ने दिक्कत की।