पसगवां। ट्यूशन पढ़ने के बाद घर लौट रहीं दो नाबालिग बालिकाओं से मनचलों ने छेड़खानी की। पीड़िताओं की मां की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उचौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दो बालिकाएं पसगवां से ट्यूशन पढ़कर अपने गांव लौट रही थीं। आरोप है कि किशुनपुर अजीत शारदा नहर पुल के पास रचित यादव और मोहित यादव निवासी किशुनपुर अजीत तथा कंचन यादव व मुबारिक निवासी पसगवां ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने बालिकाओं से छेड़खानी की और हंसिया निकालकर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िताओं का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें बदनाम करने और मुंह दिखाने लायक न छोड़ने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो होने का भी दावा किया गया है। मामले में एक बालिका की मां ने पांच फरवरी को थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
नाबालिग से छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार
पसगवां। बाजार स्थित एक दुकान में नाबालिग बालिका से छेड़खानी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस के अनुसार, एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी किसी काम से बाजार आई थी। इसी दौरान आरोपी युवक गौरव शर्मा उसे बहला-फुसलाकर बाजार में स्थित एक दुकान में ले गया, जहां उससे छेड़खानी की गई। घटना के समय आसपास मौजूद कुछ लोगों ने आपत्तिजनक स्थिति देख ली। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी गौरव शर्मा को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में चालान भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। संवाद