तेलियार गांव के बाहर खेतों में टहलते तेंदुए। स्रोत: वीडियो ग्रैब
निघासन। पढुआ थाना क्षेत्र की धौरहरा वन रेंज के तेलियार गांव के बाहर बुधवार को दो तेंदुए टहलते दिखाई दिए। इस दौरान एक ग्रामीण ने उनका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो में रिकॉर्डिंग कर रहा व्यक्ति आसपास मौजूद लोगों को तेंदुओं के होने की जानकारी देता सुनाई दे रहा है। तेंदुओं की मौजूदगी की सूचना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण खेत-खलिहानों में जाने से डर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस क्षेत्र में पहले भी तेंदुओं की सक्रियता रही है। चंदैयापुर और देवीपुरवा गांव से पूर्व में तेंदुओं को पिंजरे में पकड़ा जा चुका है। कुछ दिन पहले शाहपुर गांव के बाहर बकरी चरा रही जमुना देवी और उनकी बेटी बदाला पर भी तेंदुए ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया था।
उधर, उत्तर निघासन वन रेंज की बैरिया और कट्ठौहा बीट से पिछले 72 घंटों में तीन तेंदुओं को पिंजरे में कैद किया जा चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि पढुआ थाना क्षेत्र के बेलरायां और धौरहरा वन क्षेत्र में अभी भी कई तेंदुओं की मौजूदगी है।
रेंजर अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि तेलियार गांव के बाहर दो तेंदुओं के दिखाई देने की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम मौके पर निगरानी कर रही है।