निघासन। बरोठा गांव के राजीव कुमार ने मोहम्मद आकिब पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। राजीव का कहना है कि आकिब ने उनके बैंक खाते में दो हजार रुपये की जगह दो लाख रुपये जमा कराए। बाद में उसी चेक का दुरुपयोग कर चेक बाउंस कानून के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया।
राजीव ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को बताया कि आकिब ने उनसे दो हजार रुपये उधार लिए थे। रुपये वापस करने के लिए आकिब ने 19 अप्रैल 2026 को उनका खाता नंबर मांगा। 20 अप्रैल को आकिब ने बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते में दो लाख रुपये जमा करा दिए। राजीव का आरोप है कि आकिब ने उन्हें बैंक बुलाया और दो हजार रुपये काटकर बाकी रकम निकालने को कहा। बैंक से पूरी रकम नहीं निकल पाने पर आकिब ने उनसे चेक ले लिया। आरोप है कि बाद में बीसी संचालक के यहां से 10 हजार, 20 हजार और एक लाख 70 हजार रुपये चेक संख्या 000002 के जरिये निकलवाए गए।
राजीव का आरोप है कि रकम मिलने के बाद भी आकिब ने चेक वापस नहीं किया। उसी चेक को बैंक में लगाकर बाउंस करा दिया गया। इसी आधार पर न्यायालय में चेक बाउंस कानून के तहत रिपोर्ट दर्ज कराकर राजीव को परेशान किया जा रहा है। राजीव ने आकिब के खिलाफ कार्रवाई और खाते में आई रकम वापस कराने की मांग की है। पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवम कुमार ने बताया कि निघासन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।