पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सिंगाही और निघासन क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टर्माटम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।
सिंगाही में तेज रफ्तार से आ रही बाइक एक पेड़ से जा टकराई, जिससे बाइक चालक पुलिया के पास बने तालाब में जा गिरा और उसकी मौत हो गई। पीछे बैठा बाइक सवार घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। उधर निघासन-ढखेरवा मार्ग पर शनिवार दोपहर एक निजी बस ने वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है।
थाना सिंगाही क्षेत्र के गांव शीतलापुर निवासी 40 वर्षीय शामली अपने भतीजे विनोद को बाइक पर बैठाकर निघासन आ रहा था। सिंगाही के पास बनीं तीसरी पुलिया के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराई, जिससे शामली पड़ोस में पुलिया के नीचे बह रहे पानी में जा गिरा। बाइक के पीछे बैठा विनोद भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे एसओ संजय यादव ने ग्रामीणों की मदद से शामली को पानी से बाहर निकलवाकर दोनों को निघासन सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने शामली को मृत घोषित कर दिया। घायल विनोद का उपचार जारी है। विनोद ने बताया कि निघासन निवासी चुन्नी लाल के यहां शादी थी। उसकी पत्नी वंदना यहीं पर थी। उसी को विदा कराने आ रहा था। उधर दूसरी घटना में निघासन थाना क्षेत्र के गांव लखाही निवासी 60 वर्षीय दामोदर कश्यप किसी काम से ढखेरवा चौराहा पैदल जा रहा था कि तभी शारदा नहर पुल पार करते समय पीछे से तेज गति से आ रही तिकुनियां बस यूनियन की एक निजी बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। परिवार वालों ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेते हुए मृतक के पुत्र छोटू की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों के मुताबिक मृतक का परिवार काफी तंगहाली के दौर से गुजर रहा है।
रेलिंगविहीन रपटा पुल से पलटी ठेलिया, एक मरा
दूसरा जख्मी, पलिया सीएचसी में भर्ती
युवक की मौत से मचा घरवालों में कोहराम
रेलिंगविहीन रपटा पुल से एक ठेलिया नीचे जा गिरी। जिससे इसमें ठेलिया सवार बेला टॉपर निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे पलिया सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिवारीजनों को रो रोकर बुरा हाल है।
चौकी क्षे़त्र के गांव बेलाटॉपर निवासी मिश्रीलाल का 18 वर्षीय पुत्र विनोद और पड़ोस में रहने वाले भूरे का 17 वर्षीय पुत्र राजकुमार शुक्रवार शाम को नौगवां में ठेलिया खड़ी करने जा रहे थे। रास्ते में सिद्धबाबा देव स्थान से पहले पड़ने वाले रेलिंगविहीन रपटा पुल से अचानक ठेलिया पलटकर नीचे जा गिरी और उसके नीचे दोनों दब गए। गांव के लोगों ने दोनों को ठेलिया के नीचे से निकाला, लेकिन इसमें विनोद की मौत हो चुकी थी और राजकुमार बेहोश था। विनोद की मौत की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। बहन रेनू, लक्ष्मी, बूढ़े मां बाप और दो मासूम भाइयों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। घायल युवक को पलिया सीएचसी में भर्ती कराया गया। उधर, पंचनामा भरकर मृतक युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मृतक के सिवा नहीं है कोई सहारा
मृतक विनोद के सिवा, घरवालों का कोई भी सहारा नहीं था। बूढे़ पिता के पास झोपड़ी के सिवाय कुछ भी नहीं है। यहां तक कि उनके पास गरीबी रेखा का कार्ड नहीं है। विनोद दो बहनों और तीन भाइयों में बड़ा और अकेला ही कमाने वाला था। जब वह कहीं से कुछ कमाकर लाता था तभी घर का चूल्हा जलता था। वह बीमार पिता का इलाज भी करा रहा था। विनोद की अचानक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जून में करना चाहते थे शादी
मिश्रीलाल अपनी जिंदगी में ही बेटे की शादी कर घर में बहू लाना चाहता था। उसने बेटे के लिए गांव में ही एक लड़की देख रखी थी। दो माह बाद जून में बेटे की शादी करना चाहता था। जिसके लिए तैयारी चल रही थीं लेकिन बेटे की मौत हो गई और घर में खुशियां मातम में बदल गईं।