निघासन-बेलरायां मार्ग पर मंगलवार सुबह ओवरटेक कर रही बाइक में रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बिना हेलमेट बाइक सवार जीजा-साले की मौके पर ही मौत हो गई। बस यात्रियों के मुताबिक ड्राइवर मोबाइल पर बात करते हुए तेज रफ्तार में बस चला रहा था। निघासन पुलिस ने बस कब्जे में लेकर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।
सिंगाही थाना क्षेत्र के गांव सिंगहा खुर्द निवासी तेजपाल (30) की पत्नी काजल मंगलवार सुबह किसी बात पर नाराज होकर कहीं चली गई। तेजपाल इसी थाने के गांव बंगलहा निवासी अपने साले प्रकाश (24) को बाइक पर बैठाकर पत्नी की तलाश में निकले थे। सिंगाही-बेलरायां मार्ग पर सरयू पुल के निकट बाइक चालक ने बस को ओवरटेक करने की कोशिश की। इस बीच बाइक में रोडवेज बस ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों तेजपाल और प्रकाश बाइक समेत लड़खड़ाकर गिर गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस समेत सिंगाही की ओर भाग निकला। बाद में बस चालक को हिरासत में ले लिया गया।