एफएसडीए टीम का खोवा मंडी में छापा, नमूने भरे
रक्षाबंधन के मद्देनदर शुरू किया अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने मंगलवार को शहर की खोवा मंडी में छापा मारा, जहां से चार नमूने भरे गए। इसके बाद टीम ने मिठाई और किराना दुकानों का निरीक्षण किया और नमूने भरे।
अभिहीत अधिकारी डॉ. अमर सिंह वर्मा की अगुवाई में दो टीमें ए और बी बनाई गई हैं। टीम बी ने खोवा मंडी में चार नमूने खोवा के भरे। इसके बाद सोनू डिपार्टमेंटल स्टोर से श्रीकृष्णा ब्रांड नमकीन का नमूना भरा। सदर चौराहा स्थित नवल किशोर के होटल में गंदगी मिली, जिसके लिए नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद टीम ने हीरालाल धर्मशाला चौराहे पर ओम स्वीट से घेवर का नमूना लिया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार, विवेक, आदित्य, कुलदीप शामिल रहे। उधर, टीम ए ढखेरवा-निघासन मार्ग पर पिकअप से चाय पत्ती के दो नमूने भरे हैं। तिकुनिया में रामनाथ की मिठाई दुकान से लड्डू, सुनील की दुकान से खोया का नमूना भरा है। इस टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एके सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जावेद अख्तर, राकेश कुमार, मनोज, अनूप सिंह शामिल रहे।