धनगढ़ी-नेपाल में बरामद हुई नेपाली करेंसी। संवाद
धनगढ़ी (नेपाल)। भारतीय नंबर की कार से पलिया से अवैध तरीके से 28 लाख रुपये की नेपाली करेंसी ला रहे दो भारतीय युवकों को नेपाल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।
कैलाली के डीएसपी राजकुमार सिंह ने बताया कि डिप्टी निरीक्षक गजेंद्र बहादुर सिंह ने रविवार दोपहर भारतीय क्षेत्र से गौरीफंटा की ओर से आ रही एक भारतीय नंबर की कार को मिलन चौक पर रोका। तलाशी के दौरान कार में सवार दो युवकों के पास से 28 लाख 340 रुपये की नेपाली करेंसी बरामद हुई। युवकों ने अपना नाम सागर गुप्ता व हर्चित गुप्ता निवासी पलियाकलां का होना बताया। करेंसी के बाबत कोई ठीक जवाब न दिए जाने पर दोनों युवकों को नेपाल पुलिस कार्यालय पर लेकर आई है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। भारी संख्या में भारतीय बार्डर से करेंसी पार हो जाने से तैनात एजेंसियों पर भी सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। संवाद