फरधान। गांव पचपेड़वा में शिकायत की जांच करने आई टीम के सामने ही गांव में प्रधान पक्ष और शिकायतकर्ता के पक्षों में विवाद के बाद मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए।
पचपेड़वा निवासी संवलिया प्रसाद ने गांव में हुए खड़ंजा, नाली निर्माण, मनरेगा कार्यों समेत कई विकास कार्यों की ऑनलाइन शिकायत की थी। इसकी जांच के लिए सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे ग्राम पंचायत सचिव शालिनी शर्मा के साथ टीम आई थी। संवलिया प्रसाद का आरोप है जांच टीम पहुंची, उसी समय ग्राम प्रधान अपने बेटों और परिवार के रामगुलाम, विवेक, शुभम, गगन, राजमोहन, छोटू के साथ आ गए। शिकायत कर्ता के रिश्तेदार सतीश वाजपेई के साथ मारपीट करने लगे।
देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। आरोप है सतीश वाजपेयी को कमरे में बंद कर लाठी डंडों से पीटा। इसमें सतीश वाजपेई और उनके बेटे गोलू को चोटें लगी हैं। सतीश के सिर पर चोट लगने की वजह से गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी फरधान से जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई। जबकि मारपीट में प्रधान के पुत्र राम मोहन को भी चोटें लगी हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया है।
ग्राम पंचायत सचिव शालिनी शर्मा ने बताया गांव के विकास कार्यों की जांच करने जिले से जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रोहित कुमार सिंह व एई रविशंकर श्रीवास्तव आए थे। गांव के नए पुराने लगभग दस कार्यों की जांच होनी थी, लेकिन दोनों पक्ष जांच के बीच ही आपस में मारपीट करने लगे। इसकी वजह से जांच नहीं हो सकी। प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने बताया दोनों पक्षों से तहरीर ले गई है। मारपीट में दोनों पक्षों से एक-एक लोग घायल हुए हैं। जिन्हें मेडिकल के लिए भेजा गया है। दोनों पक्षों से क्राॅस रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।