नए साल के पहले दिन लखीमपुर-मोहम्मदी हाईवे पर दर्दनाक हादसा हुआ। नए साल की पार्टी मनाने जा रहे बाइक सवार युवकों को कार से टक्कर लग गई, जिससे दो युवकों की मौत हो गई।
लखीमपुर खीरी के थाना नीमगांव क्षेत्र में लखीमपुर-मोहम्मदी हाईवे पर बुधवार को कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। तीनों युवक नए साल की पार्टी मनाने जा रहे थे।
विज्ञापन
थाना फरधान क्षेत्र के ग्राम शंकरपुर निवासी 30 वर्षीय शोभित और 28 वर्षीय अर्पण अपने एक अन्य दोस्त के साथ बाइक से बुधवार सुबह सिकंदराबाद जा रहे थे। लखीमपुर-मोहम्मदी हाईवे पर ग्राम सेहरुवा के पास तेज रफ्तार कार से उनकी बाइक को टक्कर लग गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने तीनों को मोहम्मदी सीएचसी भिजवाया, जहां पर शोभित और अर्पण को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक नए साल की पार्टी मनाने सिकंदराबाद जा रहे थे।