पीलीभीत-बस्ती नेशनल हाईवे पर फरधान और गोला रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरेब्रिज का निर्माण फरवरी, 2021 में शुरू हुआ था, जिसको मई, 2022 तक पूरा हो जाना चाहिए था। शुरुआत में काम तो तेजी से शुरू हुआ, लेकिन कोरोना की वजह से लाॅकडाउन में निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। हालांकि, लॉकडाउन हटने के बाद काम तो शुरू हुआ, रफ्तार नहीं पकड़ सका। कार्यदायी संस्था की मनमानी के चलते चार साल बाद भी काम अधूरा है। ऐसे में ओवरब्रिज से यात्रा करने का रास्ता साफ नहीं हो पा रहा है।
फरधान में नहर पुल से पुनीत तिवारी की दुकान तक 1350 मीटर ओवरब्रिज बनना है। इसमें 900 मीटर तक दीवार खड़ी कर क्राॅसिंग के दोनों तरफ दो-दो खंभे लगाए जाने थे, लेकिन फरवरी, 2025 में चार वर्ष पूरे होने के बाद भी निर्माण अधूरा ही है। साइड इंचार्ज दिलीप कुमार ने बताया कि फेब्रिकेशन का लगभग कार्य हो चुका है। शेष काम भी जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा। रेलवे क्रॉसिंग बंद करने का आदेश 30 जून तक ही था। कांवड़ यात्रा को लेकर समय और अधिक नहीं बढ़ाया जाएगा।
-
दो माह और लग सकते हैं
-निर्माण कार्य की अवधि 30 जून सोमवार को पूरी हो जाएगी, लेकिन काम पूरा नहीं हो पाएगा। फरधान में ओवरब्रिज पर एक तरफ का काम अधूरा है। मार्ग पथरीला होने से राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। रेलवे ने अपना पुल बनाकर रेलवे लाइन के ऊपर लगा भी दिया, लेकिन ओवरब्रिज का काम शेष है। इसके पूरा होने में अब भी करीब दो माह लग सकते हैं। इधर, क्रॉसिंग बंद होने से राहगीरों को लंबा फेर काटना पड़ता है।
गोला रेलवे क्रॉसिंग पर अधूरा पड़ा ओवरब्रिज का काम। संवाद