सिकंदराबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान अभद्रता करने के आरोप में बेहजम पुलिस चौकी पर तैनात दो सिपाहियों को एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने निलंबित कर दिया। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ओयल से दसवां मेला देखकर लौट रहे कुछ लोगों को चेकिंग के नाम पर रोककर सिपाही बृजेश कुमार और विकास सक्सेना ने अभद्रता की। आरोप है कि छोड़ने के नाम पर सुविधा शुल्क भी मांगा गया। सुविधा शुल्क नहीं देने पर अभद्रता कर उन्हें जाने दिया गया।
शिकायत की जांच सीओ मितौली यादुवेंद्र यादव ने की। जांच में अभद्रता का आरोप सही पाए जाने पर एसपी ने मंगलवार को दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया।
बताते चलें कि दोनों सिपाहियों की थाना नीमगांव में पहली तैनाती 26 अप्रैल को हुई थी। करीब ढाई माह की सेवा के दौरान ही उन पर निलंबन की कार्रवाई हुई।
-
चेकिंग के दौरान लोगों से अभद्रता का आरोप जांच में सही पाया गया। इसके आधार पर दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।
-यादुवेंद्र यादव, सीओ मितौली
-
शाहजहांपुर में 49वें दिन बर्खास्त हुआ था सिपाही
शाहजहांपुर के जैतीपुर थाने में तैनात सिपाही विवेक कुमार नौकरी के 49वें दिन बर्खास्त कर दिया गया था। एंटी करप्शन टीम ने उसे 35 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था। आरोपों की पुष्टि के बाद एसपी ने उसे बर्खास्त कर दिया था।