लखीमपुर खीरी। चोरी के शक में युवक को चौकी ले जाकर पीटने के आरोप में दोनों कांस्टेबल सौरभ कुमार और कार्तिक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच सीओ सिटी महक शर्मा को सौंपी गई है।
पिछले शनिवार को देर रात रंजीत भार्गव महोला गांव के मंदिर से घर जा रहा था। रास्ते में चौकी के सिपाहियों ने उसे रोककर चोरी के शक में पूछताछ की। पीड़ित के मुताबिक, उसने चोरी की घटना में शामिल होने से इन्कार करते हुए बताया कि वह कुछ दिन पहले ही गांव आया है। इसके बाद दोनों सिपाही उसे चौकी ले गए और पिटाई की। इससे उसे अंदरूनी चोटें आईं।
अगले दिन रविवार को रंजीत ने परिजनों को फोन कर चौकी में होने की जानकारी दी। परिजन वहां पहुंचे और उसकी हालत देखकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पिटाई की जानकारी मिलने पर परिजनों ने सदर विधायक योगेश वर्मा को फोन किया। वह अस्पताल पहुंचे और पीड़ित से मुलाकात कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ सिटी ने भी पीड़ित का हाल जाना और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि दोनों कांस्टेबल निलंबित कर दिए गए हैं। मामले की जांच सीओ सिटी कर रही हैं।